loktantranews: ग्रेटर नोएडा के घंघौला गांव के रहने वाले कुख्यात सुंदर भाटी के भाई गैंगस्टर सहदेव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपी के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में ट्रांसपोर्टर से 45 लाख की रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज है। आरोप को गिरफ्तार करने पुलिस टीम सुबह घंघौला गांव पहुंची थी। सहदेव पुलिस को देखकर भागा, उसका पीछा कर दिल्ली के मयूर विहार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर हत्या, रंगदारी के कुल 18 मुकदमें दर्ज है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।एडिशनल डीसीपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 45 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में इनामी अनिल भाटी व उसका पिता सहदेव आरोपी है। सहदेव के संबंध में सोमवार सुबह सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसओजी प्रभारी यतेंद्र कुमार, सूरजपुर इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी व इंस्पेक्टर अनीता चौहान पुलिस बल के साथ घंघौला गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भाग निकला। उसका पीछा कर दिल्ली से मयूर विहार से गिरफ्तार किया गया है।आरोपी ने जून में ट्रांसपोर्टर से रंगदारी मांगी थी। इस मामले में आरोपित लोकेश व नागेश को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी ।
सुंदर भाटी के जेल जाने के बाद सहदेव उसके गिरोह को संचालित कर रहा था। बीते 16 नवंबर 2017 को बिसरख में हुई भाजपा नेता शिव कुमार, चालक बली नाथ व निजी सुरक्षाकर्मी रईस पाल की हत्या के मामले में भी सहदेव आरोपी है। उस दौरान जिला पुलिस उसको गिरफ्तार करने में नाकाम रही थी। वह अपने बेटे अनिल के साथ शामली में पेश हुआ था। पूर्व में सहदेव 50 हजार का इनामी भी रह चुका है।आरोपी सहदेव अपने भाई सुंदर भाटी के नाम पर ट्रांसपोर्ट का धंधा संचालित करता है। गिरोह को आर्थिक रूप से सहयोग करने वाले सतवीर बंसल की बीते दिनों पुलिस ने करीब सात करोड़ की संपत्ति जब्त की थी जो कि सुंदर व सहदेव के सहयोग से अर्जित की गई थी।