loktantranews: गौतमबुद्धनगर पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी गौतमबुद्धनगर से होकर आगरा तक जाने वाली नोएडा-ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस वे पर बाइकर्स गैंग की सक्रियता कम नहीं हो रही है। इन्हें रोकने व एक्सप्रेस वे के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए जगह-जगह कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन इनकी मॉनिटरिंग नियमित रुप से नहीं होती। जिसका फायदा उठाकर बाइकर्स गैंग के सदस्य एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का रोमांच भरते हैं। जब दुर्घटनाएं होती है तब हायतौबा मचती है।

इन पर अंकुश लगाने व कार्रवाई करने में पुलिस हमेशा पिछले पायदान पर खड़ी मिलती है। जब दुर्घटनाएं होती है तो सारे नियम कानून दिखने लगते हैं। ये बात हम इसलिए आपको बता रहे हैं, क्योंकि रविवार सुबह ही यमुना एक्सप्रेस वे पर रफ्तार का रोमांच भरते समय हो बाइकर्स आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम जैसी स्थिति भी बन गई। जिससे यात्रियों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।