loktantranews: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का मुंबई के पालघर में सड़क हादसे में निधन हो गया। इस हादसे की पालघर के एसपी ने भी पुष्टि की है, एसपी बालासाहेब पाटिल ने कहा टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रविवार को पालघर के चरोटी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। एसपी ने बताया कि जब उनकी मर्सिडीज अहमदाबाद से मुंबई लौट रही थी तब सूर्या नदी पर बने बने पुल पर यह बाद हुआ है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो अन्य घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं। साइरस मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकराई और फिर वाहन में सवार 4 लोगों में सो दो की मौत हो गई।
इसके साथ ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस से साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना को लेकर विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। इस हादसे के समय गाड़ी में चार लोग सवार थे, जिसमें से जहांगीर दिनशा पंडोल और साइरस मिस्त्री की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य लोग अनायता पंडोले (महिला) और दरीयस पांडोले घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां मौजदू लोगों की मानें तो नदी के पहले पुल पर एक डिवाइडर था, दोपहर तीन बजे के करीब कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कार में बैठे साइरस मस्त्री की मौत हो गई। पुलिस की मानें तो टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की अहमदाबाद से मुंबई की यात्रा के दौरान उनकी कार के डिवाइडर से टकराने से सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई।