30 टीमों ने प्रस्तुत किए अभिनव व्यावसायिक विचार, ‘टीम लोकल गो’ ने हासिल किया प्रथम स्थान
loktantranews: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट द्वारा 17 एवं 18 सितंबर, 2026 को दो दिवसीय ‘बिल्ड योर ओन बिजनेस’ (बी वाई ओ बी ) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, नवाचार, उद्यमशीलता एवं व्यावसायिक कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करना तथा उनमें उद्यमशील सोच को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की डीन डॉ. इंदु उप्रेती एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुभोजित बनर्जी के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में कुल 30 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य शामिल थे। प्रतिभागियों ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपने अभिनव व्यावसायिक विचारों एवं बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतीकरण क्षमता, आत्मविश्वास, टीमवर्क, समय प्रबंधन एवं उद्यमशील दृष्टिकोण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. वर्षा दीक्षित, डॉ. समर राक्सिन, डॉ. लवी सरिकवाल, डॉ. कविता सिंह एवं डॉ. अजय कुमार कंसल शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के व्यावसायिक विचारों, नवाचार, प्रस्तुतीकरण एवं उद्यमशील संभावनाओं के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।प्रतियोगिता में टीम लोकल गो ने प्रथम, टीम होमज़ी ने द्वितीय तथा टीम बिल्ड असे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं अभिनव व्यावसायिक विचारों के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. रिया घई एवं डॉ. नेहा नागर द्वारा तृतीय वर्ष के समन्वयकों के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजकों, समन्वयकों, निर्णायक मंडल एवं प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में नवाचार, व्यावसायिक नेतृत्व एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करने की दिशा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने, टीम भावना विकसित करने तथा भविष्य के उद्यमियों के रूप में अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।