गृह मंत्री अमित शाह करेंगे यूपीआइटीएस का उदघाटन, चौथे संस्करण में दुनिया देखेगी यूपी की ताकत

-शो में 1000 विक्रेता और 600 विदेशी खरीदार लेंगे हिस्सा, एफटीए देशों पर फोकस

Loktantranews:, नई दिल्ली : इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। प्रदेश सरकार इस शो में पहली बार एक जनपद एक व्यंजन की थीम भी लेकर आ रही है। इसके कारण प्रदेश के सभी जिलों के व्यंजन का भी लुत्फ यहां उठा सकेंगे। इसके अलावा इस ट्रेड शो में 1000 से अधिक भारतीय विक्रेता, निर्यातक, निर्माता और एमएसएमई इकाइयां भाग लेंगी। वहीं दुनिया के विभिन्न देशों से करीब 600 प्रमुख विदेशी खरीदार भी आएंगे। यह आयोजन बी2बी बैठकों, सोर्सिंग साझेदारी, प्रौद्योगिकी सहयोग और निवेश पर चर्चा का बड़ा मंच बनेगा। इस वर्ष छह पार्टनर देश जापान, रूस, वियतनाम, आस्ट्रिया, सिंगापुर हिस्सा ले रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से व्यापार, निवेश, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। शो के उदघाटन कार्यक्रम में फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस (फियो) के अध्यक्ष एससी रल्हन, महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी फियो डा. अजय सहाय, महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी फियो सहित उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निर्यातक तथा विभिन्न देशों से आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहेंगे।एफटीए देशों पर रहेगा विशेष फोकस :ट्रेड शो में भारत के मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) और सीईपीए साझेदार देश जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया और ओमान जैसे बड़े बाजारों से खरीदार और प्रतिनिधिमंडल आएंगे। इसके अलावा ब्रिक्स देशों समेत एशिया, अफ्रीका, यूरोप और उत्तरी अमेरिका से भी खरीदार आएंगे। कार्यक्रम के दौरान विदेशी खरीदारों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेगा। इसमें प्रदेश में निवेश, सोर्सिंग और निर्यात इकोसिस्टम पर चर्चा होगी। ट्रेड शो में एमएसएमई, टेक्सटाइल, चमड़ा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक्स, हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों की ताकत दिखाई जाएगी। फियो के 37 हजार से अधिक सदस्य हैं बी2बी बैठकों को सुगम बनाएंगे।मुख्यमंत्री आज करेंगे तैयारियों की समीक्षा :यूपीआइटीएस की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रविवार को प्रदेश स्तर के सभी वरिष्ठ अधिकारियों, जिले में तैनात अधिकारियों को यूपीआइटीएस नोडल समेत एक्सपो मार्ट के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक शाम चार बजे से गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में होगी। इस बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को अवकाश के दिन भी जिले के कई दफ्तर खुले रहे और तैयारियों से जुड़े कामकाज को निपटाया गया।

—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *