करवा चौथ पर बाजारों में रौनक

नोएडा : करवा चौथ के पावन पर्व को लेकर ग्रेटर नोएडा के बाजारों में रौनक छा गई है। रंग-बिरंगे करवों, गोटे वाली चलनी, सजी थालियों और पारंपरिक परिधानों से बाजार गुलजार हैं। महिलाएं उत्साह के साथ पूजन सामग्री, आभूषण और मेकअप सामग्री की खरीदारी में जुटी हैं। इस बार व्यापारियों को पिछले साल की तुलना में अधिक बिक्री की उम्मीद है। बाजार में कस्टमाइज करवों और चलनियों की मांग खूब देखी जा रही है, वहीं पार्लर संचालकों की भी चांदी हो रही है। स्थानीय बाजारों में मिट्टी के पारंपरिक करवे से लेकर कस्टमाइज डिजाइनर करवा तक उपलब्ध हैं। कस्टमाइज करवों की कीमत 100 से 150 रुपये तक है, जो उनकी डिजाइन और सजावट के आधार पर है। गोटे और मोतियों से सजी चलनियां और पूजा की थालियां भी खरीदारों को खूब लुभा रही हैं। तुगलपुर के दुकानदार मनोज प्रजापति ने बताया कि इस बार ग्राहकों की भीड़ पिछले साल से ज्यादा है। लोग कस्टमाइज करवों और सजावटी चलनियों की मांग कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि बिक्री 20-25 प्रतिशत बढ़ेगी। इसी तरह से जगतफार्म बाजार के कपड़ा कारोबारी मुकुल गोयल ने बताया कि महिलाएं न केवल पूजन सामग्री, बल्कि पारंपरिक परिधानों और आभूषणों की खरीदारी में भी व्यस्त हैं। लहंगे, साड़ियां, और डिजाइनर सूट के साथ-साथ चूड़ियां, बिंदियां और मंगलसूत्र की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है। पार्लरों में भी करवा चौथ की तैयारियां जोरों पर हैं। मेहंदी, मेकअप और हेयर स्टाइलिंग के लिए बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी हैं। कई दुकानदार करवा चौथ पर विशेष आफर भी दे रहे हैं।