नोएडा: जयपुर-अजमेर हाईवे पर दूदू के मोखमपुरा के पास मंगलवार रात 10 बजे एक भीषण हादसा हुआ। एक केमिकल टैंकर ने LPG गैस सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे टैंकर के केबिन में आग लग गई। आग ट्रक तक पहुंची, और उसमें लदे करीब 330 सिलेंडरों में से 200 में एक के बाद एक विस्फोट हो गए। कुछ सिलेंडर 500 मीटर दूर खेतों में जा गिरे। 10 किलोमीटर तक धमाकों की आवाज सुनाई दी। यह सिलसिला करीब 2 घंटे तक चला।हादसे में एक व्यक्ति जिंदा जल गया। पास खड़े पांच अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए। दमकल की 12 गाड़ियों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर ड्राइवर ने आरटीओ की गाड़ी देखकर वाहन ढाबे की ओर मोड़ा, जिससे यह टक्कर हुई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया गया, जिसे बुधवार सुबह 4:30 बजे खोला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।