तकनीकी गड़बड़ी से एक्वा लाइन मेट्रो रुकी

नोएडा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा लाइन मेट्रो का परिचालन शनिवार सुबह करीब 11 बजे तकनीकी खराबी के कारण पूरी तरह ठप हो गया। इस वजह से विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक मेट्रो सेवा बाधित रहने के कारण दर्जनों यात्रियों ने मेट्रो छोड़कर सड़क मार्ग से अपनी यात्रा पूरी करने का विकल्प चुना। यात्रियों ने इस दौरान मेट्रो स्टाफ और ट्रेन ड्राइवर से तकनीकी खराबी की जानकारी लेने की कोशिश की और परिचालन जल्द शुरू करने की मांग की। कई यात्रियों ने मेट्रो प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाए और बार-बार होने वाली तकनीकी खामियों को लेकर नाराजगी जताई। यात्री अक्षय वर्मा ने कहा रोज यात्रा के लिए मेट्रो पर निर्भर हैं, लेकिन ऐसी खराबी से समय और पैसे की बर्बादी होती है।

दूसरे यात्री रवि ने भी नाराजगी जताई और कहा कि यात्रियों को अक्सर एक्वा लाइन में सफर के दौरान इस तरह की परेशानी हो रही है। करीब एक घंटे बाद परिचालन सामान्य हो सका।  इस दौरान बार बार मेट्रो के भीतर सूचना बोर्ड पर यात्रा के विलंब होने सूचना यात्रियों के लिए जारी की गई।